मोतिहारी , मई 21 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तरी मधुबनी पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित खरवट टोला में भीषण आग लगने से पांच परिवारों के घर जलकर नष्ट हो गये। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर एक बाइक, पांच साइकिल, आभूषण, बर्तन तथा अन्य घरेलू सामान समेत लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आग बुझाने के प्रयास में 63 वर्षीय पुनीत महतो गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके पोते सिकंदर महतो भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने घरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग को अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण सक्रिय नहीं होते, तो पूरा गांव आग की चपेट में आ सकता था। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया।

घटना की सूचना पर सीओ अतुल कुमार के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी जय नारायण मंडल ने घटनास्थल पहुंचकर क्षति का जायजा लिया।

थाना अध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। यूडी मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित