चंडीगढ़ , मई 21 -- पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब सरकार से कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित महंगाई भत्ता (डीए) और बकाया की राशि बिना किसी देरी के जारी करने की मांग की है। उन्होंने यह मांग पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा डीए भुगतान संबंधी आदेशों पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद उठाई।

श्री जाखड़ ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल करते हुए कहा कि जब सरकार की स्टे याचिका भी खारिज हो चुकी है और नया कर्ज भी लिया जा चुका है, तो फिर कर्मचारियों के बकाया भुगतान में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि डीए कर्मचारियों का अधिकार है, कोई दान नहीं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की थी कि भाजपा सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर कर्मचारियों को डीए दिया जाएगा, लेकिन भाजपा ने सरकार बनने के मात्र 10 दिनों के भीतर ही यह फैसला लागू कर दिया था। उन्होंने पूछा कि पंजाब सरकार अब किस बात का इंतजार कर रही है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार जमीनी स्तर पर काम किए बिना करोड़ों रुपये विज्ञापनों पर खर्च कर रही है, जबकि दूसरी ओर सरकारी कर्मचारी और पेंशनर अपने वैध अधिकारों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर दावा करते हैं कि राज्य का खजाना भरा हुआ है, फिर भी प्रशासन की रीढ़ माने जाने वाले कर्मचारियों को उनका हक नहीं दिया जा रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित