भरतपुर , मई 21 -- राजस्थान में भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र में सीता गांव में मंगलवार को देर रात वन विभाग ने एक तेंदुए की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने और उसके शव को जलाने के मामले में 17 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
गुरुवार को दर्ज शिकायत के बारे में पुलिस सूत्रों ने बताया कि 19 मई की रात गांव में तेंदुए के आने की सूचना पर वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा था। वहां एक मकान का दरवाजे बंद करके सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा थे। वन विभाग का दल तेंदुए को पकड़ने के लिये जाल बिछा रहा था तभी बहादुर सिंह नाम के व्यक्ति ने भीड़ को उकसा दिया कि वन विभाग तेंदुए को भगा देगा।
सूत्रों ने बताया कि इसी बीच जैसे ही तेंदुए ने बाहर निकलकर छलांग लगाई, ग्रामीणों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला करके उसे मार डाला। वारदात के बाद आरोपियों ने तेंदुए के शव को जलाने की कोशिश भी की लेकिन वन विभाग के दल ने शव को आग से निकाला और अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में बहादुर, पूरन, निर्भय, छोटू, रमन, फौदी, तेजसिंह, राजकुमार, केदार, मानसिंह, मुरारी, रोहिताश, महेंद्र, पासवान, हेमंत, ब्रज बिहारी, अशोक, वनय सिंह सहित कई अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित