जौनपुर , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के उतरीजपुर गांव में भूमि पैमाइश को लेकर उत्पन्न विवाद ने गुरुवार को दर्दनाक मोड़ ले लिया। पैमाइश से असंतुष्ट एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बीच अचानक नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव में भूमि पैमाइश को लेकर विवाद चल रहा था। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पैमाइश कर रही थी, लेकिन एक युवक सत्य प्रकाश यादव कार्रवाई से संतुष्ट नहीं था। इसी नाराजगी में वह पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों ने युवक को नीचे उतारने का काफी प्रयास किया और विवादित भूमि की दोबारा पैमाइश भी शुरू कराई गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास चलता रहा, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह टावर से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित