जौनपुर , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लाइनबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सीज कर सड़क किनारे खड़ी की गई एक इनोवा कार और पास में खड़ी एक बस में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब एक बजे थाना परिसर से कुछ दूरी पर वाराणसी मार्ग के किनारे खड़े वाहनों से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने इनोवा कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक इनोवा कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग की चपेट में पास में खड़ी एक बस भी आ गई, जिससे उसमें भी नुकसान हुआ।
घटना के बाद मौके पर पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित