जालौन , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाली 4 स्लीपर बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल राजेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान दो स्लीपर बसों का चालान किया गया, जबकि दो अन्य स्लीपर बसों को निरुद्ध कर संकटमोचन मंडी चौकी, कालपी रोड उरई में खड़ा कराया गया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इसके अतिरिक्त राजेश कुमार एवं वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया गया। जोल्हूपुर मोड़, गोबिंदम तिराहा और मेडिकल तिराहा पर किए गए अभियान में हेलमेट न पहनने वाले 128 वाहन चालकों के चालान किए गए।
वहीं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 108 वाहन चालकों, रांग साइड वाहन चलाने पर 39, नो पार्किंग नियम उल्लंघन में 20 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 4 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित