चंडीगढ़ , अप्रैल 26 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रदेश सरकार द्वारा पुराने बारदाने की खरीद में घोटाले का संदेह जताते हुए केंद्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र लिखकर इसकी जांच की मांग की है।
श्री जाखड़ ने कहा कि बाजार में जो पुराने बारदाने लगभग 22 रुपये प्रति बैग की कीमत पर उपलब्ध हैं, उन्हें "कट्टर ईमानदार" होने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने कथित तौर पर 43.89 रुपये प्रति बैग के हिसाब से खरीदा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में घोटाले के आरोप सामने आए हैं, इसलिए इसकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि विकेंद्रीकृत खरीद योजना (डीसीपी) के तहत पंजाब सरकार गेहूं भरने के लिए पुराने बारदाने का उपयोग कर रही है। हालांकि, इन पुराने बारदाने की खरीद पर किया गया खर्च भ्रष्टाचार की गंभीर चिंताओं को जन्म देता है।
उन्होंने आगे कहा कि पुराने बारदाने वास्तव में बाजार में करीब 22 रुपये प्रति बैग के हिसाब से उपलब्ध हैं, जबकि पंजाब सरकार कथित तौर पर इन्हें लगभग 43.89 रुपये प्रति बैग की दर से खरीद रही है। यह पूरी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की संभावना की ओर इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि मामले की तह तक जाने के लिए गहन जांच की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष ने अपने पत्र में पंजाब के किसानों की मांगों के अनुरूप गेहूं खरीद के नियमों में ढील देने के लिए केंद्र सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित