भोपाल , अप्रैल 26 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने छतरपुर जिले में पत्रकारों पर हुए हमलों को लेकर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और अब लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी सुरक्षित नहीं रह गया है।

उन्होंने बताया कि छतरपुर जिले के बिजावर कस्बे में पत्रकार राकेश राय पर कथित रूप से शराब माफियाओं ने हमला कर दिया, जब वह अवैध शराब कारोबार और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री का वीडियो बनाने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि हमले में उनके हाथ-पांव सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

जसविंदर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन माफियाओं के दबाव में पीड़ित पत्रकार पर ही कार्रवाई कर रहा है और समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक अन्य मामले में वरिष्ठ पत्रकार राकेश रिछारिया को भी झूठे प्रकरण में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न पत्रकार संगठनों ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। माकपा ने मांग की है कि पीड़ित पत्रकारों को सुरक्षा प्रदान की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बहाल की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित