चंडीगढ़ , अप्रैल 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ''मन की बात'' कार्यक्रम को सुना।

उन्होंने कार्यक्रम से पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीन दयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ''मन की बात'' का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री और आम जनता के बीच संवाद स्थापित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से हर महीने सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विषयों पर चर्चा की जाती है, साथ ही सरकार की नीतियों और पहलों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाती है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों, सामाजिक नवाचारों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को सामने लाता है, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता की भावना को बढ़ावा मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित