लखनऊ , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

पूर्वांचल से लेकर बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। भदोही में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जहां चिलचिलाती धूप और लू के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही बेहद कम रही। कालीन उद्योग पर भी गर्मी का असर देखने को मिला और कारखानों में मजदूरों की उपस्थिति सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही। अस्पतालों में उल्टी-दस्त, बुखार और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

प्रयागराज में भीषण गर्मी के साथ बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। सरायइनायत क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने हनुमानगंज स्थित 130 केवीए उपकेंद्र पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के अधिकारियों का घेराव किया। ग्रामीणों का कहना था कि उमस भरी गर्मी में घंटों बिजली गायब रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है।

कानपुर नगर में प्रशासन ने हीटवेव से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को ठंडा पानी और ओआरएस वितरित किया गया। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में पक्षियों के लिए पानी से भरे सकोरे रखवाए गए। रेलवे स्टेशन पर रेड क्रॉस वालिंटियर्स ने यात्रियों को हीटवेव से बचाव के उपाय बताए और लोगों से धूप में सिर ढककर निकलने तथा पर्याप्त पानी पीने की अपील की।

हमीरपुर में तेज धूप के बीच प्रदर्शन कर रहे लोगों में दो महिलाएं बेहोश हो गईं। नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के विरोध में बड़ी संख्या में लोग डीएम कार्यालय पहुंचे थे, जहां चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के बीच घंटों प्रदर्शन चलता रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष राहत मिलने की संभावना नहीं है। कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। प्रशासन ने अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखते हुए हीट स्ट्रोक से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित