रुद्रपुर , अप्रैल 26 -- उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को रूद्रपुर को 13.22 करोड़ रुपये की सौगात दी और विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और रुद्रपुर के समग्र विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में वार्ड 38 में नाला निर्माण और पुलिया कार्य (40.15 लाख), वार्ड 28 सब्जी मंडी में टीनशेड, सीसी सड़क और नाली निर्माण (48.19 लाख), तथा देवभूमि जयंती योजना के तहत वार्ड 3 ट्रांजिट कैंप स्थित सुभाष पार्क के सौंदर्यीकरण (159.24 लाख) शामिल हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में 494.68 लाख की लागत से हॉट मिक्स सड़कें और 485.90 लाख से सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा। नगर निगम की बाउंड्री वॉल और नए द्वार के निर्माण पर 94.14 लाख खर्च किए जाएंगे।
श्री कैड़ा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड को नई पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर तेजी से एक मॉडल शहर के रूप में उभर रहा है। उन्होंने शहर में विकसित वेंडिंग जोन को प्रदेश के लिए उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित