पटना , मई 21 -- बिहार के गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय कुमार ने गुरुवार को कहा कि बिहार गुणवत्तायुक्त गन्ना बीजकिसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त गन्ना बीज उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री संजय कुमार की अध्यक्षता में आज विभागीय कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं, गन्ना विकास कार्यक्रमों तथा किसानों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विभागीय सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मंत्री को दी। समीक्षा के बाद मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ना किसानों को समय पर प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त गन्ना बीज उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रीडर सीड एवं प्रमाणित गन्ना बीज उत्पादन करने वाली संस्थाओं की नियमित निगरानी एवं समयबद्ध अंकेक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसानों तक गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय बीज पहुंच सके। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

मंत्री श्री कुमार ने गुड़ प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर पात्र किसान-उद्यमियों को शीघ्र लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत बनेगी तथा ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। उन्होंने किसानों से अधिकाधिक संख्या में केन केयर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की, जिससे योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभुकों तक पहुंच सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित