अलवर , अप्रैल 26 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी के यूआईटी थाने में एक नाबालिग से पुलिस की कथित अवैध हिरासत, बर्बर मारपीट और थर्ड डिग्री यातना देने का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर मारपीट का आरोप लगाते हुए भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक से पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत की, लेकिन जब न तो पुलिस कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई और न ही मामला दर्ज किया गया। तब इस मामले ने तूल पकड़ लिया और रविवार देर शाम करीब आठ बजे कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में परिजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चोपानकी थाने में धरने पर बैठ गए और मामला दर्ज करके पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे ।

परिवार ने चौपानकी थानाधिकारी को लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि पुलिस कर्मियों ने 16 वर्षीय उनके नाबालिग लड़के को घर से जबरन उठाया और इतनी बुरी तरह पीटा कि उसे वेंटिलेटर पर भर्ती करना पड़ा। परिजनों ने बताया कि 21 अप्रैल को अपराह्न करीब तीन बजे थाना भिवाड़ी फेस-तीन से सिपाही गोपाल और अन्य पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। उन्होंने उनके नाबालिग लड़के को पूर्ण स्वस्थ अवस्था में जबरदस्ती ले गए। थाने में उससे मारपीट की गई।

परिजनों ने बताया कि उसके बाद मध्याह्न साढ़े 12 बजे थाना प्रभारी दारासिंह मीणा ने फिर फोन कर बताया कि नाबालिक को स्टार अस्पताल, भिवाड़ी में भर्ती कराया गया है और आधार कार्ड लेकर तुरंत पहुंचने को कहा। परिवार जब अस्पताल पहुंचा तो उनका लड़का बेहोशी की हालत में वेंटिलेटर पर था। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई और बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी।

परिजनों ने बताया कि पुलिसकर्मी पवन यादव उनके नाबालिग लड़के को निम्स अस्पताल, जयपुर ले गया जहां उसके पिता और चचेरे भाई भी साथ गए। चचेरे भाई ने लड़के की गंभीर हालत की वीडियो और फोटो लेने की कोशिश की तो मौजूद पुलिस कर्मी पवन यादव और थानाधिकारी दारासिंह मीणा ने उन्हें धमकाया और वीडियो डिलीट करा दिया।

परिवार का आरोप है कि यह मामले को दबाने की कोशिश थी शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा है कि थाना प्रभारी दारासिंह मीणा, सिपाही गोपाल, गोविंद, पवन यादव और अन्य पुलिसकर्मियों ने नाबालिग लड़के को अवैध हिरासत में लेकर बर्बर मारपीट और थर्ड डिग्री यातना दी, जो कानूनन दंडनीय अपराध है।

उन्होंने चौपानकी थानाधिकारी से लिखित शिकायत देकर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच करके दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके गंभीर नाबालिग लड़के का उचित मेडिकल कराया जाए।

वही चौपानकी थाने में धरने पर बैठे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा की पुलिस हिरासत में नाबालिक के साथ थर्ड डिग्री का इस्तेमाल करके उसे यातना देना बड़ा ही गंभीर मामला है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित