कानपुर , मई 21 -- जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत 22 मई से कानपुर नगर में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य शुरू किया जाएगा। यह अभियान 20 जून तक चलेगा, जिसके दौरान प्रगणक प्रत्येक गांव, मोहल्ले और वार्ड में पहुंचकर भवनों एवं परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र करेंगे। अभियान के लिए जनपद में कुल 10621 प्रगणक एवं सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्वगणना का चरण पूर्ण हो चुका है और अब प्रगणक निर्धारित प्रारूप के अनुसार घर-घर जाकर सूचनाएं संकलित करेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें और मांगी गई सूचनाएं सही एवं सटीक रूप में उपलब्ध कराएं।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रत्येक भवन को एक यूनिक नंबर दिया जाएगा तथा भवन की स्थिति, उपयोग, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन और उपलब्ध सुविधाओं सहित कुल 33 प्रकार की जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसके बाद फरवरी 2027 में दूसरे चरण के अंतर्गत व्यक्तियों की गणना की जाएगी, जिसमें परिवार के सदस्यों से संबंधित सामाजिक, शैक्षिक एवं अन्य जनसांख्यिकीय विवरण एकत्र किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के पास अधिकृत पहचान पत्र रहेगा। नागरिक पहचान पत्र देखकर ही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं जनगणना अधिनियम 1948 के अंतर्गत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा इन्हीं आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिन नागरिकों ने पहले स्वगणना की है, उन्हें 11 अंकों का सेल्फ एन्यूमरेशन नंबर (एसई नंबर) जारी किया गया है। प्रगणक के घर पहुंचने पर नागरिक यह एसई नंबर उपलब्ध कराएं, जिससे पहले से दर्ज विवरण के सत्यापन में सुविधा होगी और प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सकेगी।

एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि जनगणना के नाम पर कोई भी व्यक्ति बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी अथवा अन्य वित्तीय जानकारी नहीं मांगता है। यदि कोई इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं और कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित