इटावा , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में जसवंतनगर पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे दो शातिर अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि थाना जसवंतनगर पुलिस टीम कचौरा बाईपास क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कचौरा चौराहे के पास घेराबंदी कर बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल होकर पकड़ लिए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित उर्फ सनकी पहलवान पुत्र मनोज निवासी नगला भगत थाना जसवंतनगर तथा शक्ति उर्फ तनुष पुत्र प्रेम सिंह निवासी आनंद नगर थाना कोतवाली इटावा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार सुमित उर्फ सनकी पहलवान पर हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शक्ति उर्फ तनुष पर पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में संभावित बड़ी लूट की वारदात टल गई। इस कार्रवाई के बाद अपराधियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित