नयी दिल्ली , मई 21 -- होमस्टे के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एयरबीएनबी पर अब छोटे और बुटिक होटल भी उपलब्ध होंगे।

अमेरिकी कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गर्मियों के इस मौसम से वह और नयी सुविधाएं जोड़ रही है जो सिर्फ एयरबीएनबी पर मिलेंगी। इनमें फीफा विश्व कप 2026 से जुड़े खास अनुभव, छोटे एवं बुटिक होटल की उपलब्धता और ऐप में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित नये फीचर शामिल हैं। इससे लोगों को ठहरने की सही जगह खोजने, यात्रा की योजना बनाने और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पाने में आसानी होगी।

एयरबीएनबी के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रायन चेस्की ने कहा, "यात्रा केवल आसान नहीं बल्कि यादगार भी होनी चाहिये। अच्छी यात्राएं लोगों को नयी जगहों को समझने, नयी चीजें सीखने और नये अनुभवों के साथ लौटने का मौका देती हैं। इस गर्मी हम लोगों को शानदार ठहरने की जगहों, बुटिक होटलों, फीफा विश्व कप से जुड़े खास अनुभवों और यात्रा को आसान बनाने वाली नयी सेवाओं जैसे कई नये विकल्प दे रहे हैं।"कंपनी होमस्टे से आगे बढ़कर अब ग्राहकों को किराना सामग्री डिलीवरी, हवाईअड्डे से पिकअप, सामान रखने की सुविधा और किराये की कार सुविधा भी दे रही है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वह फीफा विश्व कप 2026 के दौरान छह मेजबान शहरों में खास अनुभव उपलब्ध करायेगी। लोग लॉस एंजेलिस में विश्व कप विजेता एबी वामबैक और जूली फाउडी के साथ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के मैच की खास वॉच पार्टी में शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा अर्जेंटीना के फुटबॉल दिग्गज और इंटर मियामी के पूर्व मैनेजर जेवियर मास्चेरानो के साथ मैदान पर उतरकर प्रशिक्षण लेने का मौका भी मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित