नयी दिल्ली , मई 21 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर दिल्ली नगर निगम के 48 स्कूलों को बंद कर उनकी इमारतों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का आरोप लगाया है।

आप के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने गुरुवार को कहा कि निगम के शिक्षा विभाग में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा निदेशालय ने निगम के स्कूलों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदलने के लिए एनओसी जारी की, जबकि उच्च न्यायालय का स्पष्ट आदेश है कि शिक्षा के लिए आवंटित जमीन का इस्तेमाल किसी अन्य उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर अदालत के आदेशों का उल्लंघन है।

श्री नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार अब कई एमसीडी स्कूलों को आपस में मर्ज करने की तैयारी कर रही है। उनका आरोप है कि स्कूलों के मर्जर से खाली होने वाली इमारतों का इस्तेमाल आगे आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने के लिए किया जाएगा। निगम का मुख्य काम प्राथमिक शिक्षा देना है, लेकिन सरकार शिक्षा सुधार के बजाय स्कूलों को बंद करने में जुटी हुई है।

आप नेता ने कहा कि निगम स्कूलों पर बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे निर्भर हैं, इसलिए सरकार को स्कूलों में दाखिले और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित