गुप्तकाशी , मई 21 -- आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गुरुवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का संयुक्त अभ्यास फेमैक्स आयोजित किया गया।

एसडीआरएफ के सोनप्रयाग पोस्ट से उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम, एनडीआरएफ के साथ गुप्तकाशी गई। इस दौरान ट्रांस भारत हेलीपैड एवं चिप्सन हेलीपैड का संयुक्त रूप से सेफ्टी ऑडिट किया गया। इस दौरान हेलीपैड पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, आपातकालीन संसाधनों एवं संभावित रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम ने उपस्थित कार्मिकों को विभिन्न आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी प्रदान करते हुए उनके संचालन एवं उपयोग के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण एवं जागरूकता दी। साथ ही आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय एवं संचार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित