नयी दिल्ली , मई 21 -- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को केंद्र सरकार के उस परिपत्र को लेकर हमला बोला है, जिसमें कथित तौर पर सरकारी कर्मचारियों के मीडिया से बात करने या प्रशासन की आलोचना करने पर रोक लगाई गई है। उन्होंने इसे 'लोकतंत्र का गला घोंटना' करार दिया है।

श्री बनर्जी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर एक तीखी पोस्ट में कहा कि यह निर्देश दिखाता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल में लोक सेवकों को चुप कराकर 'रिमोट-कंट्रोल' से शासन चलाने की कोशिश कर रही है।

तृणमूल नेता ने लिखा, "पूर्ण प्रतिबंध। यह वाक्यांश इस परिपत्र में एक चेतावनी की तरह गूंज रहा है - शासन की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि पूरे बंगाल में सरकारी कर्मचारियों पर चुप्पी थोपने के लिए।" उन्होंने दावा किया कि यह परिपत्र कर्मचारियों को प्रेस से बात करने, लेख लिखने, मीडिया कार्यक्रमों में शामिल होने, केंद्र या राज्य सरकार की आलोचना करने या ऐसी टिप्पणी करने से रोकता है जिससे 'दिल्ली के साथ संबंध खराब' हो सकते हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित