सहारनपुर , मई 21 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शामली जिले के जसाला गांव निवासी दिवंगत मोनू कश्यप की मां को आर्थिक सहायता के रूप में दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया है। कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 21 अप्रैल को 30 वर्षीय मोनू कश्यप पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल मोनू की मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान कुछ दिनों बाद मृत्यु हो गई थी।

इकरा हसन ने बताया कि दो दिन पूर्व वह इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर डीआईजी अभिषेक सिंह से मिली थीं। उनका आरोप है कि डीआईजी ने पीड़ित परिवार और उनके साथ गए लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा कश्यप समाज के छह लोगों, जिनमें पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप भी शामिल थे, को जेल भेज दिया गया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार की पूरी बात सुनी और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही आर्थिक सहायता के रूप में दो लाख रुपये का चेक भी सौंपा। इस दौरान सांसद डिंपल यादव, कैराना विधायक नाहिद हसन सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।

इकरा हसन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़े वर्गों के हितों की अनदेखी की जा रही है, जबकि समाजवादी पार्टी विपक्ष में रहते हुए भी उनके समर्थन में खड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित