रायपुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र अंतागढ़ विकासखंड में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के तहत विभिन्न शासकीय मदों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
शासन द्वारा 15वें वित्त आयोग, जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ), बस्तर विकास प्राधिकरण, मुख्यमंत्री अधोसंरचना संधारण, मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना, विधायक निधि और अन्य योजनाओं के माध्यम से सुदूर पंचायतों में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, डिजिटल शिक्षा और सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।
विकासखंड की बड़ेपिंजोड़ी, बड़ेतेवड़ा, मंडागांव, मातला, भैंसासुर, सुरेवाही, ताड़ोकी, जेठेगांव और अर्रा समेत कई पंचायतों में सीसी सड़क और आरसीसी पुलिया निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए बड़ेपिंजोड़ी और तालाबेड़ा के हायर सेकेंडरी स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित की जा रही है। वहीं उसेली और आमाबेड़ा में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन तथा बड़ेतोपल में नवीन पंचायत भवन का निर्माण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आमाबेड़ा और टेमरूपानी के उप स्वास्थ्य केंद्रों में अहाता, शौचालय और इंटरलॉकिंग रोड निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा हर घर जल योजना के तहत एड़ानार, बोंदानार, कोदागांव, आमागांव और अर्रा सहित कई गांवों में बोर खनन, पानी टंकी और मोटर पंप स्थापना के कार्य किए जा रहे हैं। भैंसासुर, गुमझीर और तुमसनार में वॉटर फिल्टर लगाए जा रहे हैं, जबकि कई पंचायतों में स्वच्छता अभियान के तहत डस्टबीन खरीदी स्वीकृत हुई है।
जनजातीय संस्कृति और आस्था स्थलों के संरक्षण के लिए एड़ानार, मंडागांव, आमोड़ी, कोसरोण्डा और ताड़ोकी क्षेत्र में देवगुड़ी निर्माण तथा हिन्दूबिनापाल में गढ़मावली माता मंदिर और दंतेश्वरी मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार कार्य किए जा रहे हैं। महिला स्व-सहायता समूहों के लिए टीन शेड, रंगमंच, पीडीएस भवन, बाजार शेड और रेन बसेरा निर्माण भी कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित